राजस्थान के कोटा में नीट की कोचिंग कर रहे बिहार के 16 साल के आर्यन ने गुरुवार को आत्महत्या कर ली। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि वह करीब एक साल पहले शहर में नीट की तैयारी करने के लिए आया था। छात्र कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के कमला उद्यान इलाके में रह रहा था। सूत्रों के अनुसार बुधवार की रात करीब नौ बजे उसने अपने कमरे में फांसी लगा कर सुसाइड कर लिया।

पुलिस को प्रारंभिक जांच में छात्र के कमरे से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसके अलावा पुलिस को कुछ लेटर भी मिले हैं। यह लेटर उसने एक लड़की को लिखे थे। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने कहा कि हमने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ने बताया कि 16 वर्षीय आर्यन बिहार के नालंदा जिले के खोजपुरा का रहने वाला था।

जानकारी के मुताबिक आर्यन 12वीं का छात्र था और वह नीट की तैयारी भी कर रहा था। बुधवार को शाम को कोचिंग से आने के बाद वह अपने कमरे में चला गया और खुद को अंदर से बंद कर लिया। इस बीच परिजनों ने आर्यन को फोन लगाया, लेकिन उसने उनका फोन नहीं उठाया। इसके बाद परिवार वालों ने हॉस्टल के वार्डन को फोन किया। वॉर्डन ने जब जांच की तो उसका आत्महत्या करने का खुलासा हुआ।