राष्ट्रमंडल खेलों की दो बार की चैंपियन साइना नेहवाल उन बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल हैं जो 14 से 19 फरवरी को दुबई में होने वाली एशियाई मिश्रित टीम चैंपियनशिप के लिए होने वाले राष्ट्रीय बैडमिंटन ट्रायल्स में हिस्सा नहीं लेंगे। पूर्व नंबर एक साइना को आकर्षि कश्यप और मालविका बंसोड के साथ ट्रायल्स के लिए शामिल किया गया था।सीनियर चयन समिति को एशियाई प्रतियोगिता में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू के साथ दूसरी महिला एकल खिलाड़ी चुनने के लिए इन तीनों के नाम शामिल किए थे।

साइना और मालविका दोनों ने ट्रायल्स में हिस्सा नहीं लेने की घोषणा की। एकल में चयन के लिए अब आकर्षि और अस्मिता के बीच मुकाबला होगा।भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के एक सूत्र ने कहा- साइना और मालविका ने बीएआई को ट्रायल्स के लिए अपनी अनुपलब्धता की जानकारी दी। इसलिए अस्मिता चालिहा को ट्रायल्स के लिए आमंत्रित किया गया है। कुछ अन्य खिलाड़ियों ने भी हटने का फैसला किया है।

अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी भी ट्रायल्स के लिए उपलब्ध नहीं होगी क्योंकि कुछ महीने पहले यह जोड़ी टूट चुकी है। महिलाओं के युगल में दो स्थान दाव पर लगे होंगे जिसमें तृषा जॉली और गायत्री गोपीचंद दौड़ में सबसे आगे हैं। ट्रायल्स में अन्य दो जोड़ियां अश्विनी भट्ट और शिखा गौतम तथा हरिथा मानाजियी और आश्ना रॉय की हैं।समिति ने 25 दिसंबर को वर्चुअल बैठक की थी, जिसमें उसने ट्रायल्स से 14 सदस्यीय टीम के अन्य सदस्यों का चयन करने का फैसला किया था।

अब यह ट्रायल खिलाड़ियों की अनुपलब्धता के कारण एक दिन में ही हो जाएगा। पता चला है कि एम आर अर्जुन भी चोटिल हो गए हैं और वह भी ट्रायल्स का हिस्सा नहीं हो पाएंगे जिससे पुरुष युगल स्थान के लिए कृष्णा प्रसाद गार्गा और विष्णुवर्धन गौड़ पी तथा ईशान भटनागर और साई प्रतीक की जोड़ी के लिए यह नॉकआउट मुकाबला होगा। विजेता जोड़ी टीम में सात्विक और चिराग के साथ जुड़ जाएगी। मिश्रित युगल में एक स्थान के लिए ईशान भटनागर और तनीषा क्रास्टो तथा रोहन कपूर और सिक्की रेड्डी की नई जोड़ी के विकल्प होंगे।