जबलपुर ।  भाजपा के महापौर प्रत्याशी डा. जितेंद्र जामदार के समर्थन में आवेदन के पश्चात सभा करने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जबलपुर का विकास भाजपा की देन है। जबलपुर को संवारने वाले नेता यहां एकजुट हैं। जो एक बार फिर जनता से आशीर्वाद लेने आए है। मुख्यमंत्री ने कहा जबलपुर विकास की लंबी उड़ान भरने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा यदि कांग्रेस आई तो जबलपुर का विकास रुकेगा। शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को भ्रम फैलाने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी मायावी लोग है। कमलनाथ की सरकार के 15 माह का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन 15 माह में कमलनाथ ने प्रदेश की जनता को लूटने का काम किया। संबल योजना से गरीबों के नाम काट दिए। संबल योजना बंद कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिंता न करे शिवराज सिंह चौहान की सरकार है संबल से जिनके नाम काटे गए हैं वे सभी दोबारा जुडेंगे। जबलपुर को संवारने में भाजपा का ही हाथ है। भाजपा ने ही जबलपुर को कस्बे से महानगर बनाया है।

अपराधियों पर चलाया बुलडोजर :

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपराधियों को पनपने नहीं देगी। सबसे ज्यादा कार्रवाई हमने आपराधियों के खिलाफ की है। भू-माफिया हो या फिर आसामाजिक तत्व हर किसी के खिलाफ सख्ती की गई। सरकार आपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस पर काम कर रही है। अभी एक प्रत्याशी को टिकट मिली। जैसे ही पता चला कि उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण है तत्काल हमने उसकी टिकट बदल दी। आपराधियों के लिए भाजपा में कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा जबलपुर में आउटर रिंग रोड़ तीन हजार करोड़ से बन रहा है। एयरपोर्ट की शक्ल सूरत भी बदल रही है।

डा. जामदार सच्चे सेवक :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि डा. जामदार मानवता के सच्चे सेवक है। पार्टी की गाइडलाइन में किसी भी विधायक को महापौर टिकट नहीं देने की गाइडलाइन थी। कांग्रेस में कई विधायकों को टिकट मिली। भाजपा में समाज के अलग-अलग वर्ग से टिकट दिया। जबलपुर से कई योग्य और वरिष्ठ भी दावेदार थे लेकिन पार्टी ने वरिष्ठ चिकित्सक डा. जितेंद्र जामदार को टिकट दिया। डा. जामदार के साथ मेरा जितना वक्त गुजरा उसमें पता चला कि सच्चे पर्यावरण सेवी, नर्मदा भक्त है। मुख्यमंत्री ने डा. जामदार के लिए नारा दिया। उन्होंने कहा विकास करेंगे शानदार, डा. जितेंद्र जामदार। सेवा करेंगे शानदार मेयर होंगे कामदार। जबकि भाजपा कि मिशन नगरोदय योजना बनी है। इसमें अमृत योजना के दूसरे चरण में जबलपुर को 720 करोड़ रुपये सीवर लाइन और 220 करोड़ रुपये पेयजल के लिए मिलने हैं। उन्होंने जनता से वादा किया कि जबलपुर के देश के अग्रणी पांच शहरों में लेकर आएंगे। मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम चौक सिविक सेंटर में सभा को संबोधित किया।

जबलपुर को देश के पटल पर लाने का किया काम :

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि जबलपुर के नौजवानों ने कांग्रेस में दिग्विजय सिंह का कुशासन भी देखा है। 2003 के बाद जब भाजपा की सरकार नबी तब से आज तक में जबलपुर में जमीन आसमान का अंतर है। भाजपा ने जबलपुर को मप्र में नहीं देश के पटल में लाने का काम किया है। वीडी शर्मा ने कहा कि मैं जबलपुर की छात्र राजनीति से यहां तक पहुंचा हूं। तब से डा. जामदार को जानता हूं। उस वक्त हम लाठी खाते और डा. जामदार के अस्पताल में भर्ती हो जाते थे। उन्होंने कहा कि महापौर की टिकट मिलने के पहले से ही डा. जामदार जबलपुर के विकास के लिए कई तरह के प्रयास शुरू कर दिए थे। भाजपा सरकार में बिजली, पानी, एयर कनेक्टिविटी में जबलपुर तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अस्तित्व खो रही है। कांग्रेस अब पूरी तरह से आप्रासंगिक हो चुकी है। कांग्रेस देश की पहली पार्टी है जहां सोनिया-राहुल गांधी से भ्रष्टाचार को लेकर ईडी पूछताछ करती है तो कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के समर्थन में आंदोलन करती है। जबकि भाजपा का भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टालरेंस पालिसी है। वीडी शर्मा ने बूथ विजय का संकल्प कार्यकर्ताओं को दिलाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद राकेश सिंह, पूर्व मंत्री अंचल सोनकर, शरद जैन, अभिलाष पांडे आदि मौजूद रहे।