पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास का पार्थिव शरीर उदयपुर पहुंचा, अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
उदयपुर. पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. गिरिजा व्यास के निधन के बाद देर रात उनका पार्थिव देह उदयपुर लाया गया। शुक्रवार सुबह 10 से 12 बजे तक दैत्य मगरी स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन का समय रखा गया है। दोपहर बाद 4 बजे उदयपुर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गौरतलब है कि डॉ. व्यास का गुरुवार शाम अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल में 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। बीती 31 मार्च को गणगौर पूजा के दौरान आग से झुलसने के बाद उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और कल शाम 7:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
डॉ. व्यास के अंतिम दर्शन के लिए शुक्रवार सुबह कांग्रेस के शीर्ष नेता उदयपुर पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली दोपहर 12 बजे दैत्य मगरी स्थित उनके निवास पर पहुंचकर पार्थिव देह पर कांग्रेस का ध्वज व पुष्पचक्र अर्पित करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव व प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि डॉ व्यास की पार्थिव देह उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखी गई है और शाम 4 बजे बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान राजस्थान सरकार के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौड़, संदीप चौधरी, पवन गोदारा और उदयपुर लोकसभा प्रत्याशी एवं पूर्व कलेक्टर तारा चंद मीणा भी उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के साथ भाजपा के कद्दावर नेता गुलाबचंद कटारिया ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
डॉ. गिरिजा व्यास न सिर्फ राज्य और केंद्र सरकार में मंत्री रहीं, बल्कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष और राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। वे महिलाओं के अधिकार और कल्याण के लिए हमेशा मुखर रहीं। 2018 में उन्होंने उदयपुर शहर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें बीजेपी नेता गुलाबचंद कटारिया से पराजय मिली थी।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की करीबी मानी जाने वाली डॉ. व्यास का राजनीतिक और सामाजिक जीवन सादगी, समर्पण और सेवा भावना से परिपूर्ण रहा। आज शाम उनका अंतिम संस्कार उदयपुर में किया जाएगा।
भीषण गर्मी का अलर्ट: मुख्यमंत्री ने जनता से की अपील- 'लू से बचने के लिए बरतें सावधानी, बहुत जरूरी होने पर ही निकलें बाहर'
टामटिया हत्याकांड का खुलासा: पिता-पुत्र समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सफाईकर्मी भर्ती पर हाईकोर्ट का कड़ा रुख: 14 साल की देरी पर सरकार को फटकार, 3 हफ्ते में मांगा जवाब
मदन राठौड़ के व्यवहार पर बिफरे टीकाराम जूली: भाजपा पर लगाया महिलाओं के अपमान का गंभीर आरोप
CISCE Board Result 2026: 10वीं-12वीं के नतीजे घोषित; लड़कियों ने फिर मारी बाजी, जानें अपना स्कोर