उदयपुर। उदयपुर में दो युवतियों के समलैंगिक विवाह के मामले में झाडोल पुलिस दोनों युवतियों को लेकर उदयपुर कोर्ट पहुंची है। दोनों युवतियां अजमेर के नसीराबाद की रहने वाली हैं और करीब ढाई महीने से घर से गायब थीं। दोनों करीब 3 साल से दोस्त हैं। दोस्ती प्यार में बदली। इसके बाद दोनों एक साथ घर से भाग गईं। युवतियों ने कोर्ट में लिव इन रिलेशनशिप के दस्तावेज भी पेश किये हैं। युवतियों के परिजन दोनों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन दोनों जीवन भर साथ रहने पर अड़ी हैं।
  कोर्ट में सुनवाई के दौरान युवतियों ने बताया कि एक समाज के कार्यक्रम में उनकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद से लगातार 3 सालों से अच्छी दोस्त हैं। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगीं। युवतियों ने बताया कि उनके समलैंगिक रिश्ते को समाज कभी स्वीकार नहीं करता, इसलिए दोनों एक साथ घर से भाग गए थे। दोनों की उम्र 21 और 22 साल बताई जा रही है। वहीं युवतियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन भागते हुए कोर्ट पहुंचे।   
  परिजनों ने युवतियों को भी खूब समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने किसी की एक भी बात नहीं सुनी। अजमेर की रहने वाली दोनों युवतियां करीब ढाई महीने पहले अपने घर से अचानक गायब हो गईं थीं। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में युवतियों के गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखाई थी। इसके बाद पुलिस पड़ताल में जानकारी सामने आई है कि दोनों युवतियां बालिग हैं और अपनी मर्जी से भागी हैं। युवतियों को नारी निकेतन में रखा गया है। एक बार फिर मामले की सुनवाई होगी।