राजस्थान में सर्दी का सितम जारी हो गया है। कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी का सीधा असर राजस्थान में देखने को मिल रहा है प्रदेश के कई जिलों का पारा लुढ़क रहा है। वहीं माउंट आबू में हल्की बर्फ जमने लगी है। बीते दो दिन से माउंट आबू और शेखावाटी के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 1.8 से 5 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हो रहा है। बीकानेर, कोटा, चूरू में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे है। मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।

सीकर, बीकानेर, नागौर, हनुमानगढ़ में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सीकर के तापमान में लगातार दूसरे दिन पारा लुढ़क पांच डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार प्रदेश के 14 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार को पश्चिमी हिमालय की ओर आ रहा है। इस कारण कई क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। जिससे राजस्थान सहित पंजाब, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के तलहटी व मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर धुंध और कोहरा छा सकता है। जिससे न्यूनतम तापमान में हल्की सी बढ़ोत्तरी हो सकती है। एक से तीन दिसंबर तक ही तापमान में गिरावट बंद हो सकती है। इसके बाद फिर तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी।