सीहोर जिले के बुधनी के शाहगंज के पास स्थित अमरगढ़ झरने में  रविवार को एक 29 वर्षीय युवक डूब गया। डूबने वाला युवक शिवकांत यादव पिता बलराम यादव उम्र 29 साल निवासी मालाखेड़ी  नर्मदापुरम का बताया जा रहा है, जो कि रविवार दोपहर को अपने दोस्तों के साथ अमरगढ़ झरने में पिकनिक मनाने आया था। वहीं, नहाने के दौरान वह फिल्मी स्टाइल में झरने  पर छलांग लगा रहा था, तभी गहरे पानी में डूब गया और बह गया।

बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची शाहगंज पुलिस वन विभाग की टीम और गोताखोर की मदद से युवक को चार घंटे से अधिक समय तक रेस्क्यू किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार को पुन: रेस्क्यू किया जाएगा। बता दें, अमरगढ़ झरना घने जंगल में स्थित है, जहां पर लापरवाही से नहाने के दौरान ऐसी घटनाएं होती रहती हैं।

प्रशासन द्वारा खटपुरा के पास से ही अमरगढ़ झरने की तरफ जाने के लिए प्रतिबंध बोर्ड लगाया गया है, व लोगों को समझाइश भी दी जा रही है, झरना स्थल नहीं पहुंचे इसलिए प्रतिबंध का बोर्ड लगा है। बावजूद लोग अंदर घुस जाते हैं।  रविवार को भी सैकड़ों की संख्या में अमरगढ़ झरना पर लोग पहुंचे। दोपहर में फिल्मी स्टाइल में  छलांग लगाने के दौरान नर्मदापुरम निवासी  युवक डूब गया।