राजस्थान : धौलपुर सैंपऊ कस्बे के पास रविवार को एक बस पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। बस में 40 से 50 यात्री बैठे थे। हमले में यात्रियों के हाथ, पैर और मुंह सुज गए। वहीं कुछ यात्री बेहोश हो गए। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार सुनीपुर निवासी 40 से 50 महिला और पुरुष यात्री शनिवार को गांव से बस करके गोवर्धन गिरिराज जी की परिक्रमा करने गए थे। वे सभी बस से ही लौट रहे थे, रास्ते में पेड़ की टहनी पर लटक रहे मधुमक्खी के छत्ते से बस टकरा गई। इतने में मधुमक्खियां बस के अंदर घुस गईं और सभी यात्रियों को काट लिया। चालक और यात्री मधुमक्खियों से बचने के लिए बस से कूद गए और खेतों में छिप गए। मुधमक्खियों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा और काटती रही। इस हमले में कई महिलाएं और पुरुष मौके पर ही बेहोश हो गए।

कई यात्री काफी देर तक खेतों में ही बेहोश पड़े रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने यात्रियों को देखा और मधुमक्खियों से बच बचाकर जैसे-तैसे घायलों को बचाया। इस दौरान एंबुलेंस से घायलों को उपचार के लिए बाड़ी के अस्पताल ले जाया गया है। वहीं सभी का उपचार किया जा रहा है।