भोपाल। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में मध्य प्रदेश में सुशासन और विकास पर तैयार रिपोर्ट का विमोचन किया। कार्यक्रम इंडिया हैबिटेट सेंटर में हुआ। इसमें विभिन्न् देशों के राजदूत, केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद रहे। रिपोर्ट में सुशासन के लिए पिछले 15 साल में उठाए गए कदम, विभिन्न् क्षेत्रों में किए गए नवाचार सहित अन्य विषयों को शामिल किया गया है।

सीएम शिवराज ने कहा कि 3 लाख किमी सड़कें मध्य प्रदेश में बनी हैं, प्रधानमंत्री सड़क योजना में सबसे गुणवत्तापूर्ण किया है, सड़कों का जाल बनाया, बिजली की उपलब्धता 5 हजार मेगावाट थी, आज 21 हजार 50 मेगावाट बिजली तैयार हो रही है, दिल्ली की मेट्रो हमारी बिजली से चल रही है। अपने नागरिकों की बुनियादी समस्याओं का समाधान करके उनकी जिंदगी को आसान बनाना ही सुशासन है। उन्होंने कहा कि रीवा का सोलर प्लांट बिजली सप्लाई कर रहा है, ओंकारेश्वर में सोलर फ्लोटिंग पावर प्लांट लगा रहे हैं, ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि मुझे कहते हुए संतोष है कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हम बीमारू राज्य से आज विकासशील राज्य बना और विकसित राज्य बनने की पंक्ति में खड़ा है। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान भोपाल के उपाध्यक्ष सचिन चतुर्वेदी ने 'मध्य प्रदेश सुशासन और विकास प्रतिवेदन 2022' के बारे में परिचय दिया। उन्होंने बताया कि 340 पेज के इस प्रतिवेदन में मध्य प्रदेश में सुशासन की तस्वीर दिखाई गई है। इसमें राज्य में सरकार द्वारा किये जा रहे विशेष प्रयासों का दस्तावेजीकरण किया गया है। चैप्टर में 'कोविड-19 काल में मध्य प्रदेश के जनभागीदारी माडल' को भी प्रस्तुत किया गया है। रिपोर्ट में 2005-06 से अभी तक अभी तक गुड गवर्नेंस के कार्यों को दिखाया गया है। पिछले तीन क्वाटर में लगातार मध्य प्रदेश का आंकड़ा बाकि अन्य राज्यों से काफी आगे रहा है। 14 राज्यों में सबसे तेजी से बढ़ता हुआ राज्य है। गेहूं और चांवल में मध्य प्रदेश ने पंजाब को भी पीछे छोड़ दिया है, ट्रेड प्रमोशन पालिसी बनाई जा रही है।

डेवलपमेंट स्कालर डा. आरबाल सुब्रहमण्यम ने कहा कि मध्य प्रदेश विकास के क्षेत्र में असाधारण प्रयास कर रहा है, यहां सुशासन है। सीएम शिवराज सिंह चौहान जनजातीय विकास के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। क्षमता विकास के साथ राज्य पूर्ण रूप से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। यूएन एन्वायरमेंट प्रोग्राम इरिक सोलहेम ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रतिदिन सुबह एक पौधा लगा रहे हैं, मध्य प्रदेश में बड़ा जंगल है, यहां पर्यटन की बहुत संभावनाएं हैं, यहां सोलर उर्जा के कई प्रोजेक्ट चल रहे हैं, मध्य प्रदेश ग्रीन इकानॉमिक हब है। इंदौर पिछले कई वर्षों से देश का सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ शहर बना हुआ है, इको फ्रेंडली कृषि कार्य में मध्य प्रदेश का बड़ी सहभागिता है।

केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने की मध्य प्रदेश की तारीफ

मध्य प्रदेश सुशासन और विकास प्रतिवेदन 2022 के विमोचन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जो काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे जिम्मे सौंपा था, उस काम को हमसे पहले मध्य प्रदेश ने कर दिखाया, मध्य प्रदेश इसके लिए बधाई के पात्र हैं। प्रधानमंत्री ने हमें 'मिनीमम गवर्नमेंट, मैक्सीमम गवर्नेंस' का नारा दिया था, केंद्र में सरकार बनने के बाद 1500 से अधिक बेकार कानूनों को खत्म कर दिया, राजपत्रित अधिकारियों से डाक्युमेंट अटेस्टेट करवाने की अंग्रेजों के जमाने की प्रथा को बंद कर दिया, यही सुशासन है।

यूएन रेसिडेंट काओर्डिनेटर शाम्बी शार्प ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में कृषि का लेकर बेहतर कार्य किए जा रहे हैं, एसडीजी को पूरा करने की दिशा में काम हो रहा है, मध्य प्रदेश के इन कार्यों को अन्य राज्य भी फालो करेंगे, ऐसी आशा है। आइएएस बी. श्रीनिवास ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सुशासन के माध्यम से ही पूरा किया जा सकता है, रिपोर्ट में उसकी छवि दिखाई दे रही है। प्रशासन गांव की ओर, एमपी आनलाइन, सीएम हेल्पलाइन, जन सुनवाई जैसी कई योजनाएं सुशासन की मिसाल हैं। 'गुड गवर्नेंस इंडेक्स 2021' में कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों में मध्य प्रदेश ने प्रथम स्थान हासिल किया है। सामाजिक कल्याण, एजुकेशन सेक्टर, स्वास्थ्य, कौशल शिक्षा, पीएमजेएसवाय में मध्य प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में 'मध्य प्रदेश सुशासन और विकास प्रतिवेदन 2022' के लोकार्पण कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रतिनियुक्ति पर नई दिल्ली में पदस्थ अफसर मौजूद रहे।