अमेरिका में भी दिवाली का त्योहार पूरे जोश के साथ धूमधाम से मनाया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला डॉ. जिल बाइडन ने अपने सरकारी निवास व्हाइट हाउस में भारतीय-अमेरिकियों के साथ दिवाली का जश्न मनाया। इस दौरान दोनों समारोह में मौजूद भारतवंशियों के बीच पहुंचे और दिवाली की बधाई दी। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी मौजूद रहीं। इस दौरान नृत्य प्रस्तुति भी हुई।

दिवाली के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने संबोधन में दिवाली की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने हथियार समर्थकों को कड़ा संदेश भी दिया। वहीं उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी अपने संबोधन में प्रकाश पर्व की बधाई दी।व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने के लिए आयोजित स्वागत समारोह के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने पहले संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज रात हम दुनिया भर में एक अरब से अधिक लोगों के साथ मिलकर दीया जलाएंगे और बुराई पर अच्छाई, अज्ञान पर ज्ञान और अंधेरे पर प्रकाश की जीत का जश्न मनाएंगे।