राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का बुधवार को राजस्थान में 10वां दिन है। बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा सवाईमाधोपुर के भाड़ोति से शुरू हुई। राहुल गांधी की यात्रा आज दौसा जिले में प्रवेश करेगी।भारत जोड़ो यात्रा सवाईमाधोपुर के भाड़ोति से शुरू हुई। यात्रा सुबह 10 बजे बामनवास के बाढ़श्यामपुरा टोंड में पहुंचेगी। टोंड में यात्री लंच करेंगे। उसके बाद 3:30 बजे से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। बुधवार शाम 6:30 बजे दौसा जिले में लालसोट के बगड़ी गांव चौक में यात्रा का अंतिम पड़ाव है। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा रखी गई है।

भारत जोड़ो यात्रा में बुधवार को आरबीआई के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन भी शामिल हुए। यात्रा में राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच लंबी बातचीत हुई। यूपीए सरकार में रघुराम राजन को आरबीआई का गवर्नर बनाया गया था। रघुराम राजन आर्थिक मुद्दों पर बेबाक अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं। भारत जोड़ो यात्रा में रघुराम राजन राहुल से कदम से कदम मिलाते हुए चलते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि क्या आरबीआई के पूर्व गवर्नर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। दरअसल, रघुराम राजन मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की कई बार खुलकर आलोचना कर चुके हैं। राजन के अलावा बुधवार को राहुल गांधी के साथ सचिन पायलट, प्रताप सिंह खाचरियावास सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता चल रहे हैं।