शादी समारोह में खौफनाक वारदात: पत्नी को गोली मारकर पति ने खुद को भी किया शूट
भरतपुर: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, मायके आई पत्नी को गोली मार पति ने खुद को उड़ाया
भरतपुर (रूपवास): राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के गांव सिंघावली में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। मायके में एक शादी समारोह में शामिल होने आई पत्नी को उसके पति ने गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। इस खूनी संघर्ष में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
ससुराल पहुँचकर रची खूनी साजिश
जानकारी के अनुसार, राधिका (पुत्री ओमवीर) की शादी करीब पांच साल पहले उत्तर प्रदेश के खेरागढ़ निवासी राघवेंद्र के साथ हुई थी। राधिका 30 अप्रैल को अपने मायके में आयोजित एक पारिवारिक शादी में शामिल होने आई थी। अगले ही दिन, राघवेंद्र अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल पहुंचा। वह अपने साथ एक बैग में अवैध कट्टा छिपाकर लाया था।
कमरे में ले जाकर चलाई गोलियां
घर में शादी की रस्में चल रही थीं और मेहमानों की चहल-पहल थी। इसी बीच राघवेंद्र अपनी पत्नी राधिका को बहाने से एक कमरे में ले गया। वहां उसने बैग से कट्टा निकालकर राधिका पर फायरिंग कर दी। पत्नी को लहूलुहान हालत में देख उसने तुरंत खुद के सिर में भी गोली मार ली। धमाकों की आवाज सुनकर जब परिजन कमरे की ओर दौड़े, तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही पत्नी
वारदात में राघवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राधिका को तत्काल भरतपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार और कारतूस बरामद कर लिए हैं।
विवाद की वजह: मायके आने पर था एतराज
शुरुआती जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, राघवेंद्र अपनी पत्नी के मायके जाने के खिलाफ था। उसने राधिका को शादी में जाने से मना किया था, लेकिन वह चली आई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन चल रही थी। पुलिस अब इस एंगल के साथ-साथ अन्य संभावित कारणों की भी गहराई से तफ्तीश कर रही है।
पूरे गांव में दहशत का माहौल
जिस घर से बारात की विदाई होनी थी, वहां पुलिस की मौजूदगी और खून के धब्बे देखकर हर कोई स्तब्ध है। शादी के मंगल गीतों की जगह अब वहां चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने पूरे सिंघावली गांव को झकझोर कर रख दिया है।
पेंशन अधिकार है, बख्शीश नहीं: Supreme Court of India का सख्त रुख
Kota के न्यू मेडिकल कॉलेज में अनोखा मामला, युवक ने किया हवन-पूजन
IIT Jodhpur में पानी का संकट, भीषण गर्मी में छात्र परेशान
Sonu Sood का सवाल: बरगी क्रूज हादसे पर कब रुकेगा मौत का सिलसिला?