गुजरात की बिलकिस बानो केस में रिहाई को लेकर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी प्रदर्शन होने लगा है। शुक्रवार की शाम मोर्चा महासंघ के बैनर तले यंग मोहम्मडन क्लब के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जनआक्रोश रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। इसमें दिल्ली से आए सामाजिक कार्यकर्ता सहित मौलवी भी शामिल हुए। उनके इस आंदोलन में बिलासपुर की जनता भी उनके साथ हैं।

महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि, बिलकिस बानो को न्याय दिलाने के लिए बिलासपुर के लोग तिरंगा हाथ में लेकर निकले हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश को हिंदु राष्ट्र बनाने का षडयंत्र रचा जा रहा है। बिलकिस बानो केस में जिस तरह से कोर्ट पर दबाव डालकर फैसला कराया गया है उसकी देश भर में निंदा हो रही है। हम राष्ट्रपति से गुजारिश करते हैं।

AAP की प्रदेश प्रवक्ता व अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि बिलकिस बानो केस के सभी 11 दोषियों के खिलाफ फिर से सजा का प्रावधान शुरू करने की मांग देश भर में की जा रही है। जिस तरह से दुष्कर्म जैसे घिनौने मामले में आरोपी बनाए गए लोगों को जेल से रिहा होने के बाद माला पहनाकर मिठाई खिलाकर महिमामंडन किया जा रहा है। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और घिनौना कृत्य है। इस तरह की घटनाओं से महिला अपराध में वृद्धि होगी। ऐसी घटनाएं पूरे देश को शर्मसार करने वाली है।