राजस्थान में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने अब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा प्रदेश के नए कॉलेजों को लेकर किए गए ट्वीट के संबंध में  अपनी प्रतिक्रिया दी है। राजस्थान भाजपा के दिग्गज नेता राजेन्द्र राठौड़ ने इस संबंध में हाल ही में एक्स के माध्यम से बड़ी बात कही है। उन्होंने इस संबंध में पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा था।

राजेन्द्र राठौड़ ने इस संबंध में अब कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरे 5 साल किस्सा कुर्सी के खेल का चलता रहा। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के अंतिम समय में एक के बाद एक ऐसी घोषणाएं कर डाली, जो धरातल पर आते ही धराशायी हो गई। कांग्रेस ने सत्ता की रेवड़ी बांटने के चक्कर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के निर्धारित मापदंडों को दरकिनार कर झूठी वाहवाही लूटने के चक्कर में प्रदेश में सैकड़ों कॉलेजों को खोलने का दिखावा किया।


गहलोत जी, बिना मानव संसाधन, बिना वित्तीय प्रबंधन और बिना भौतिक संसाधनों के ही, धर्मशालाओं में, किराए के भवनों में, प्राथमिक विद्यालयों में, कॉलेजों को खोला जाना क्या उच्च शिक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं था?

आपके शासन में पूरे 5 वर्ष एक भी कॉलेजों में प्राचार्यों और उप प्राचार्यों की डीपीसी नहीं हुई, कॉलेजों में भर्ती प्रक्रिया अटकी रही, दर्जनों महाविद्यालय एकल शिक्षकों के सहारे संचालित किए गए। इन कॉलेजों के जरिए प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में डालने का कुत्सित प्रयास किया। इसीलिए भाजपा की सरकार ऐसे कॉलेजों का रिव्यू करेगी,जो निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर रहे हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। भाजपा की सरकार प्रदेश में शैक्षणिक गुणवत्ता हेतु प्रतिबद्ध है और प्रदेश के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधा मुहैया कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।