शेयर बाजारों की शुक्रवार को अच्‍छी शुरुआत रही। रूस-यूक्रेन संकट के बीच Sensex 1000 अंक से ऊपर 55321 पर खुला। बाजार खुलने के बाद इसने करीब 1150 अंक की रैली ले ली थी। वहीं Nifty 50 भी ऊपर 16,247 पर खुला। Sensex के जिन शेयरों में तेजी देखी गई, उनमें IndusInd Bank, Tata Steel समेत 29 शेयर शामिल थे। नुकसान वाले शेयर में NestleInd इकलौता शेयर था।

घरेलू इक्विटी बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी ने शुक्रवार को उच्च एशियाई बाजारों के अनुरूप शुरुआती कारोबार में 2 फीसदी से अधिक की छलांग लगाई। क्योंकि निवेशकों ने यूक्रेन संघर्ष से लंबे समय तक होने वाले नुकसान का आकलन बाजार खुलने से पहले ही कर रखा था। बीएसई सेंसेक्स 1400 अंक चढ़कर और एनएसई निफ्टी 400 अंक बढ़कर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स चार्ट पर इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और एसबीआई शीर्ष फायदे में उभरे। इनमें 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 2,700 अंक से अधिक टूट गया था। लगभग दो साल में यह एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। वहीं निफ्टी 815 अंक टूटा था। दलाल स्ट्रीट पर इस गिरावट ने निवेशकों की संपत्ति में 13 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान दर्ज किया।

यूक्रेन संकट से घबराए विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को भारतीय पूंजी बाजार (Indian Capital Market) में 6,448.24 करोड़ रुपये के शेयरों की और बिकवाली की, जैसा कि एक्सचेंज के आंकड़ों से पता चलता है। इस बीच, अमेरिका, यूरोपीय संघ और जापान यूक्रेन का समर्थन करने के लिए संयुक्त मोर्चे पर काम कर रहे हैं और रूस पर आर्थिक और वित्तीय प्रतिबंधों की दूसरी किस्‍त पर सहमत हुए हैं। यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद तेल की कीमतों में उछाल और बढ़ गया। ब्रेंट क्रूड वायदा 2 फीसदी की तेजी के साथ 101.20 डॉलर प्रति बैरल पर था।